उत्तराखंड की शुद्धता को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम: गुलफूड 2026 में देवभूमि की सशक्त उपस्थिति

देहरादून/दुबई।
उत्तराखंड की शुद्धता, गुणवत्ता और परंपरागत उत्पादों को विश्व पटल पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए दुबई में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खाद्य प्रदर्शनी ‘Gulfood 2026’ में देवभूमि की सशक्त और प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई गई। इस वैश्विक मंच पर उत्तराखंड के हिमालयन मीट, शुद्ध डेयरी उत्पादों तथा विशेष रूप से ट्राउट मछली को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य की ओर से ठोस प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर प्रदेश के पशुपालन, डेयरी, मत्स्य एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि गुलफूड जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड की भागीदारी केवल प्रतिभाग तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के मत्स्य पालकों और पशुपालकों के परिश्रम को वैश्विक पहचान दिलाने का सशक्त प्रयास है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट विजन है कि उत्तराखंड के शुद्ध, प्राकृतिक और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों को वैश्विक निर्यात श्रृंखला से जोड़ा जाए।
मंत्री श्री बहुगुणा ने बताया कि इस दौरान राज्य का पूरा फोकस निर्यात पर रहा और विभिन्न देशों से आए अंतरराष्ट्रीय निर्यातकों तथा बड़े व्यापारिक समूहों ने उत्तराखंड के उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई। कई प्रमुख ग्लोबल बायर्स के साथ सप्लाई चेन, निर्यात संभावनाओं और भविष्य के निवेश को लेकर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चाएं हुईं, जो इस बात का स्पष्ट संकेत हैं कि उत्तराखंड शीघ्र ही निर्यात के क्षेत्र में अपनी एक मजबूत और स्थायी पहचान स्थापित करने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह प्रयास न केवल उत्तराखंड के उत्पादों को ‘ग्लोबल ब्रांड’ के रूप में स्थापित करेगा, बल्कि इससे राज्य के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों, पशुपालकों और मत्स्य पालकों की आर्थिकी में भी उल्लेखनीय और क्रांतिकारी सुधार आएगा। जब उत्तराखंड की वादियों की शुद्धता दुबई जैसे वैश्विक व्यापारिक केंद्रों के माध्यम से दुनिया भर की थालियों तक पहुंचेगी, तब आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ का संकल्प वास्तव में ‘लोकल से ग्लोबल’ के रूप में साकार होगा।
मंत्री श्री बहुगुणा ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़, आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
